रेवाड़ी के गांव बावल में नशा करने से मना कर पर एक धुत युवक ने अपने ही पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना हसनपुर मोहल्ले के पास से गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर बृहस्पतिवार रात की है।
हसनपुरा निवासी देशराज(52) के परिवार में उसका बड़ा बेटा मुकेश शराब और अन्य नशों का आदी है। इसी के चलते पहले भी विवाद होने के बाद वह मोहल्ले में ही परिवार से अलग एक झोपड़ी में रहता था। बृहस्पतिवार को देशराज उसे नशा करने से मना करने और त्योहार पर घर चल साथ खाने के लिए कहा।
इस पर नशे में धुत मुकेश ने मना किया और पिता से उसकी बहस हो गई। बहस करते-करते ये पास से ही गुजर रहे रेलवे ट्रैक पर पहुंचे। यहीं मुकेश ने अपने पिता के सिर पर लाठी से कई वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। नाजुक हालत के चलते गुड़गांव ले जाते वक्त देशराज की मौत हो गई।
लोगों ने झोपड़ी में लगाई आग, आरोपी भी गिरफ्तार
वारदात से गुस्साए इलाकाई लोगों ने फरार आरोपी मुकेश की झोपड़ी में आग लगा दी। वहीं जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करने के बाद उसकी तलाश भी शुरू कर दी। आरोपी को देर रात बावल रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया गया है।
आरोपी नशे का आदी है और नशे में ही उसने अपने पिता को बेरहमी से पीटा, जिससे बाद में उनकी मौत हुई। आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
-नरेंद्र कुमार, जीआरपी इंचार्ज, रेवाड़ी