राजनीतिक रंजिश के चलते भाजपा समर्थक जगदीप सिंह उर्फ रिंकल को मौत के घाट उतारने के आरोप में नामजद कांग्रेसी पार्षद गुरदीप सिंह नीटू के बेटे सन्नी को पुलिस ले चार दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने आरोपी को अमृतसर इलाके से गिरफ्तार किया है, लेकिन चर्चा यह भी है कि आरोपी ने सरेंडर किया है।
सन्नी के गिरफ्तार होने के बाद पुलिस को आस हुई थी कि रिंकल के परिजन उसके शव का पोस्टमार्टम कराएंगे, लेकिन वह अभी भी रिंकल के शव का पोस्टमार्टम व संस्कार करने को तैयार नहीं है। उनकी मांग है कि पुलिस पार्षद गुरदीप सिंह नीटू को गिरफ्तार करे। जिसके बाद रिंकल के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस रविवार को आरोपी सन्नी को गिरफ्तार कर सीआईए वन लाई। रिंकल के भाई मनी खेड़ा को वहीं बुलाया गया। अधिकारियों ने मनी खेड़ा से बात की कि रिंकल के शव का पोस्टमार्टम करवा दिया जाए, ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके। मनी ने उन्हें साफ तौर पर मना कर दिया। उसने कहा कि जब तक गुरदीप सिंह नीटू को गिरफ्तार नहीं किया जाता वह पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। मनी खेड़ा ने बताया कि भाई की हत्या के मामले में वह खुद गवाह है। नीटू अगर बाहर रह गया तो उसे जान का खतरा बना रहेगा। पुलिस उसे भी गिरफ्तार करेगी तो ही पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
आरोप साबित होने पर नीटू पार्टी से निकाला जाएगा : बिट्टू
police arrest
भाजपा समर्थक की मौत के चार दिन बाद सांसद रवनीत सिंह बिट्टू और विधायक सुरिंदर डाबर पीड़ित परिवार के पास पहुंचे। सांसद बिट्टू और विधायक डाबर ने परिजनों के साथ सांत्वना जताई और उन्हें आश्वासन दिया कि आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस बिना किसी दबाव के इस मामले में जांच कर रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सांसद बिट्टू ने बताया कि अगर नीटू पर आरोप साबित होते हैं तो उसे पार्टी से निकाल दिए जाएगा।
रिंकल के परिजनों ने बिट्टू को बताया कि आरोपी उनको काफी समय से धमकियां दे रहे थे और उनके ऊपर झूठे मामले भी दर्ज करवा चुके हैं। बिट्टू ने भी परिवार के सदस्यों को आश्वासन दिया कि वह झूठे मामलों की जांच के लिए भी पुलिस अधिकारियों को कहेंगे। सांसद बिट्टू के बार बार कहने पर भी परिजन रिंकल के शव का पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार करने के लिए नहीं माने। परिवार अपनी मांग पर अड़ा रहा कि जब तक नीटू गिरफ्तार नहीं होता तब तक वह संस्कार नहीं करेंगे।
सांसद बिट्टू ने कहा कि इस केस में वह परिवार को सदस्यों को सिक्योरिटी देने के लिए पुलिस से बात करेंगे। उन्होंने कहा कि केस का मुख्य गवाह मृतक का भाई मनी है। ऐसे में आरोपी मनी को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश कर सकते हैं इसके लिए सिक्योरिटी होना जरूरी है। सांसद बिट्टू ने परिवार को यह भी आश्वासन दिया कि नीटू पर चल रहे सभी मामलों की दोबारा से जांच की जाएगी।
पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी पार्षद नीटू के बेटे सन्नी को गिरफ्तार कर लिया है। परिवार वाले अभी पोस्टमार्टम कराने को नहीं मान रहे है। जबकि पुलिस को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट और अन्य दस्तावेज चाहिए होंगे। इस संबंध में परिवार वालों से अपील की है कि पोस्टमार्टम कराएं ताकि कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को कोर्ट में पेश किया जा सके। अश्वनी कपूर, डीसीपी, लुधियाना