यमुनानगर के छछरौली के गांव हाफिजपुर के दो सगे भाई मुस्तकीम को गोली मारकर मौत के घाट उतारने व इकबाल को घायल करने वाले तिम्हों निवासी आरोपी जरनैल सिंह को सीआइए-1 टीम ने 14 घंटे में ही गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी गुरविंद्र अभी फरार है। आरोपी को शुक्रवार को रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया जाएगा। बहरहाल जरनैल से वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्तौल नहीं मिली है।
यह जानकारी डीएसपी नरेंद्र खटाना ने पत्रकार वार्ता में दी। पुलिस पूछताछ में आरोपी जरनैल सिंह ने बताया कि मुस्तकीम से शाहाबाद के कंवरपाल व साहब सिंह को खेती की जमीन दिलवाने के बारे में बात की। जिस पर उसने गनौली में 22 एकड़ जमीन का दिखा दी। जमीन का सौदा तय करा दिया गया। इस जमीन की देखरेख के लिए कंवरपाल व साहब सिंह ने मुस्तकीम को जिम्मेदारी दी।
मुस्तकीम ही अपने भाई इकबाल के साथ इस जमीन से फसल की कटाई करा रहा था और पॉपुलर के पेड़ भी कटवाने थे लेकिन इस जमीन की देखरेख मुस्तकीम के करने का जरनैल सिंह विरोध कर रहा था। वह चाहता था कि जमीन की देखरेख का जिम्मा उसको मिले। जिसके चलते ही रंजिश बनी हुई थी। इसलिए मुस्तकीम अब उसकी आंखों में खटक रहा था। ऐसे में उसने बुधवार को खेत में जाकर अपने साथी गुरविंद्र के साथ मिलकर मुस्कीम व इकबाल को गोली मार दी थी। जिसमें मुस्तकीम की मौत हो गई और इकबाल घायल हो गया था। उधर, छछरौली थाना पुलिस ने मृतक मुस्तकीम के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया है।
इस तरह से दिया था घटना को अंजाम
बता दें वारदात के दिन घायल इकबाल ने बताया था कि जब वह अपने छोटे भाई मुस्तकीम के साथ खेत में गन्ने का कार्य देख रहे थे। तभी आरोपी जरनैल वहां आ गया और बहस करनी शुरू कर दी। जबकि इकबाल ने जरनैल को कहा तुम दोनों बिजनेस पार्टनर भी व दोस्त भी तो फिर किस बात का झगड़ा। इतनी बात सुनकर आरोपी तैश में आ गया और इकबाल पर फायर कर दिया। तभी मुस्तकीम वहां आया तो उसकी छाती में गोली दाग दी और वह जमीन पर गिर गया लेकिन इकबाल ने गन्ने के खेत में दौड़ना शुरू कर दिया। आसपास के लोगों को आता देख आरोपी अपने दूसरे साथी के साथ वहां से फरार हो गया।