छेड़छाड़ के विरोध पर पिता को तलवार मारी
बापूधाम स्थित मकान में शनिवार आधी रात 4 युवकों ने घुसकर दोनों बेटियों से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता पर तलवारों और डंडों से हमला कर दिया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायल को जीएमएसएच-16 में भर्ती कराया। पीड़ित परिजनों की शिकायत पर 4 आरोपियों के खिलाफ ट्रैसपासिंग, धारदार हथियार से जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़ित बापूधाम निवासी 45 वर्षीय पप्पू ने बताया कि वह सेक्टर-26 मंडी में सब्जी की दुकान चलाते है। शनिवार देर रात बापूधाम में रहने वाले 4-5 युवक जबरन उनके घर में घुसकर उनकी दोनों बेटियों से छेड़छाड़ करने लगे। इसी दौरान वह घर पहुंच गए। उन्होंने लड़कों का विरोध कर उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की।
पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने गुस्से में उन्हें धक्का मारकर बाहर निकाला और धारदार हथियार और डंडे से हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ हमले में अधमरा करने के बाद आरोपी फरार हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज आरोपी सतनाम को गिरफ्तार कर लिया। मामले में शामिल तीन अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पहले भी करते थे छेड़छाड़
पीड़ित पिता पप्पू ने बताया कि इससे पहले आरोपियों ने उनकी बेटियों को स्कूल जाते समय छेड़छाड़ की थी, जिसकी शिकायत उन्होंने बापूधाम चौकी पुलिस को दी थी। पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की थी। वहीं पुलिस का कहना है कि पहले भी शिकायत आई थी। जांच में कुछ नहीं मिलने के कारण कार्रवाई नहीं की गई। इस बार की शिकायत पर जांच जारी है।