जीरकपुर के ढ़कौली में स्थित एक एन्कलेव में टयूशन मास्टर ने एक बी कॉम की छात्रा के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।
छात्रा ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। घटना के बाद अध्यापक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अध्यापक के खिलाफ केस दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरु कर दी है।
मौके से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी शिक्षक एन्कलेव में स्थित अपने घर में टयूशन सेंटर चलाता है। जहां सोमवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे चंडीगढ़ कालेज में बी कॉम प्रथम वर्ष की छात्रा टयूशन पढ़ने आई थी।
टीचर घर में कोई न होने के कारण उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ करनी शुरु कर दी। छात्रा ने आरोप लगाया कि अध्यापक ने उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की।
इस कारण उसको चेहरे व अन्य जगह पर काफी चोटें आई। काफी मशकत के बाद छात्रा ने अपने आपको आरोपी के चुंगल से छुड़वाया व घर से बाहर भाग कर शोर मचाया।
शोर मचाने पर आरोपी घर से फरार हो गया। मौके पर इकट्ठे हुए मोहल्ला निवासियों ने आरोपी अध्यापक के घर तोड़फोड़ की और मामले की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छात्रा से छेड़छाड़ करने के आरोप में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के घर में उसकी मां व बहन रहती है जो आज अपने रिश्तेदारी में गए हुए थे। घर में अकेले होने के कारण उसने छात्रा से छेड़खानी की व उससे जबरदस्ती करने की कोशिश की।