महिला आयोग की उपाध्यक्ष प्रीति भारद्वाज ने स्वास्थ्य विभाग की पीएमओ और सीएमओ को आयोग में पेश होने के समन जारी किए थे। दोनों आयोग के सामने पेश होकर जांच कमेटी की ओर से दी गई जांच रिपोर्ट दी है। इसमें जांच कमेटी ने डॉ. मनोज को दोषी माना है। ये जांच कमेटी पांच सदस्यीय बनाई गई है। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने दोबारा सीएमओ और पीएमओ को जांच के बाद क्या कार्रवाई की गई है। इसकी रिपोर्ट देने को कहा है।
ये था मामला
जानकारी के अनुसार कोरोना के मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड में स्टाफ नर्स की ड्यूटी थी। आइसोलेशन वार्ड में ही ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने राउंड पर आए मनोरोग डॉक्टर पर छेड़छाड़ के आरोप लगाए। आरोप है कि स्टाफ नर्स के साथ जब छेड़छाड़ हो रही थी तो उस वार्ड में कोई भी मरीज नहीं था। इसके अलावा स्टाफ नर्स ने डॉक्टर पर शराब के नशे में धुत होने का भी आरोप लगाया। जब स्टाफ नर्स ने तुरंत इसकी सूचना अस्पताल प्रबंधक को दी तो मौके पर पीएमओ और आरएमओ पहुंचे। उनके सामने ही डॉक्टर आइसोलेशन वार्ड से लिफ्ट के जरिये फरार हो गया।
अधिकारियों की तरफ से डॉक्टर को रोका भी गया था लेकिन डॉक्टर ने अपना टिफिन कार में रखने का बहाना बनाया और वहां से भाग गया। वहीं, अब स्टाफ नर्स ने डॉक्टर के खिलाफ पीएमओ को लिखित शिकायत दी। इसके बाद डॉक्टरों की जांच कमेटी बनाई गई।
सिविल अस्पताल प्रबंधन के अलावा और भी कई सीनियर अधिकारी इस मामले को उजागर करने से रोक रहे हैं। स्टाफ नर्स पर भी इस मामले में शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है। बेशक दिखावे के लिए जांच कमेटी बना दी गई हो लेकिन अंदर खाते डॉक्टरों पर भी दबाव बनाया जा रहा है कि इस मामले को निपटाया जाए।
सामान्य अस्पताल में जो छेड़छाड़ का मामला सामने आया है, इसमें हम जांच करवा रहे हैं। स्टाफ नर्स ने डॉक्टर पर आरोप लगाए हैं, उसके बाद इस पर जांच कमेटी बैठा दी गई है। इस मामले में स्टाफ नर्स ने शिकायत दी है। इस पर अब पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। - डॉ. जसजीत कौर, सीएमओ, पंचकूला सिविल अस्पताल सेक्टर-6
पहली रिपोर्ट सीएमओ की ओर से दी गई है। इसमें जांच कमेटी डॉक्टर को दोषी मान रही है। मामले की जांच सभी तथ्यों पर होगी। - प्रीति भारद्वाज, उपाध्यक्ष, हरियाणा राज्य महिला आयोग