पड़ोसियों से परेशान होकर गांव माछिया में रहने वाली जसविंदर कौर ने तीन दिन पहले अपने घर में जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे इलाज के लिए सीएमसी अस्पताल दाखिल कराया गया।
वहां वीरवार देर रात को उसने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद थाना मेहरबान की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जसविंदर कौर के पति जसपाल की शिकायत पर उसके पड़ोसी लवप्रीत सिंह, सुरजीत कौर, निक्की व सीमा के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश करने में जुटी हुई है।
जांच अधिकारी सुखविंदर सिंह ने कहा कि जसपाल सिंह कुछ दिन से हरियाणा में गेहूं की कटाई के लिए कंबाइन मशीन लेकर गया हुआ था। पीछे से उसकी पत्नी और भाभी घर में अकेली थी।
तीन दिन पहले जसपाल को उसकी भाभी ने फोन किया कि उसकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। वह घर पहुंचा तो उसकी भाभी ने बताया कि आरोपी कई दिन से उसे परेशान कर रहे थे।
घर से बाजार जाते और घर आते समय उसके साथ छेड़खानी और चरित्र के ताने देते थे। इसी दौरान आरोपी लवप्रीत सिंह उनके घर आने लगा तो उन्होंने भगा दिया। इसी से तंग आकर जसविंदर कौर ने घर में पड़ा कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया।
परिजनों ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे सीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान वीरवार की देर रात को उसने दम तोड़ दिया।
आरोपियों की तलाश जारी
जांच अधिकारी सुखविंदर सिंह के अनुसार पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद जसविंदर का शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापामारी कर रही है। अभी आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।