पहले शादी के लिए प्रपोज किया, जब युवती ने मना किया तो रास्ता रोककर छेड़छाड़ शुरू कर दी। इतना ही नहीं उसके घर जाकर एक्टिवा पर केमिकल फेंक दिया। इससे एक्टिवा जल गया। चंडीगढ़ निवासी युवती की शिकायत पर पुलिस ने मोहाली निवासी जतिंदर सिंह के खिलाफ धारा 341, 354, 354ए, 354डी, 506 व 435 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर एक दिन के रिमाड पर लिया गया है।
सेक्टर-39 थाना प्रभारी राजदीप सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान मोहाली, फेज-11 निवासी 34 वर्षीय जतिंदर सिंह के रूप में हुई। वह 12वीं तक पढ़ाई के बाद पिता के साथ बिजनेस में लग गया। दो महीने वह इंग्लैंड में भी रह चुका है। जबकि शिकायतकर्ता 31 वर्षीय पीड़ित चंडीगढ़ में प्राइवेट जॉब करती है।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर कुछ तथ्यों को वेरिफाई करने के लिए 1 दिन के रिमांड में लिया गया है। अभी केमिकल तेजाब था या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए जांच चल रही है।
राजदीप सिंह, थाना प्रभारी, सेक्टर-39
परिवार आपस में जानकार, चली थी रिश्ते की बात
- फोटो : DEMO Pics
परिवार आपस में जानकार, चली थी रिश्ते की बात
सेक्टर-39 निवासी युवती ने बताया कि तीन महीने पहले उसकी और मोहाली निवासी जितेंदर की शादी के लिए पारिवारिक बातचीत चली थी। दोनों परिवार के सदस्य एक-दूसरे के जानकार हैं। एक महीने पहले उसने जतिंदर से शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद जतिंदर उसे मोबाइल पर कॉल करके धमकी देने लगा।
जतिंदर ने कई बार ऑफिस में जाते समय उसका रास्ता रोका। बदतमीजी और छेड़छाड़ की। उसने जतिंदर की हरकतों को अनदेखा कर दिया। मंगलवार शाम को वह रोजाना की तरह ऑफिस से घर पहुंची और एक्टिवा बाहर पार्क कर दी। इसी दौरान वहां जतिंदर ने उसके पास आकर शादी के लिए जबरदस्ती हामी भरवाने की कोशिश की।
फिर एकदम बदतमीजी पर उतर आया। इस दौरान उसके शोर मचाने पर आरोपी ने उसके एक्टिवा पर कोई केमिकल डाल दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी राजदीप ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मोहाली से गिरफ्तार कर लिया।