31 दिसंबर की पार्टियों में हेरोइन की सप्लाई करने आए दो तस्करों को सीआईए स्टाफ ने गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के पास से दो किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 10 करोड़ बताई जा रही है। आरोपियों ने बताया कि वह चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में सप्लाई करने आए थे।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मनोज कुमार उर्फ मामू (52) निवासी नारंग कॉलोनी श्री मुक्तसर साहिब और गुरसेवक सिंह (23) निवासी बूर माजरा थाना मोरिंडा जिला रोपड़ के रूप में हुई है। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है। दोनों आरोपी आठ महीने से मिलकर कारोबार कर रहे थे।
ऐसे पुलिस की पकड़ में आए आरोपी
जानकारी के मुताबिक, सीआईए इंस्पेक्टर अतुल सोनी की अगुवाई में पुलिस ने खरड़ बस स्टैंड के पास नाका लगाया था। तभी पुलिस को सूचना मिली की आरोपी चंडीगढ़ नंबर की इनोवा में ग्राहकों को हेरोइन सप्लाई करने जा रहा है। इसके बाद पुलिस की टीम हरकत में आई और आरोपियों को लांडरां रोड पर काबू कर लिया। आरोपियों से दो किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना खरड़ में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही अन्य आरोपी भी पकड़े जाएंगे।