प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सूट खरीदने वाले उद्योगपति लालजी पटेल के खाते से 3 करोड़ रुपये निकलते-निकलते रह गए। खास बात यह है कि इस पूरे मामले के तार हिसार के एक एचडीएफसी खाताधारक से जुड़े हैं।
कतरगाम(गुजरात) पुलिस के मुताबिक कतरगाम नंदूडोसी बाड़ी स्थित धर्मनंदन डायमंड के मालिक लालजी पटेल ने साइंस सेंटर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सूट की नीलामी में हिस्सा लिया था। उन्होंने इसके लिए 4 करोड़ 31 लाख रुपये का चेक प्रशासन को दिया था। सोशल मीडिया में कुछ चेक के फोटोग्राफ्स देश भर में वायरल हो गए थे।
किसी शातिर ने फोटोग्राफ्स से जालसाजी कर हू-ब-हू ऐसा ही चेक तैयार कर लिया। उसके सीरियल नंबर में नौ नंबर आगे का नंबर डाल दिया। लालजी पटेल के फर्जी हस्ताक्षर भी चेक पर कर दिए गए। तीन करोड़ की फर्जी राशि वाला चेक 20 फरवरी को हिसार के एचडीएफसी बैंक के एलआरसी रोडवेज कंपनी के खाते में डाला गया। चेक क्लियिरिंग के लिए सूरत पहुंचा तो बैंक कर्मियों ने धर्मनंदन डायमंड्स के अकाउंट हैड मधुपटेल से संपर्क साधा। पटेल ने चेक जाली होने की जानकारी दी और भुगतान रुकवा दिया।