नाभा जेल से मिला नशीला पदार्थ व मोबाइल
नाभा की नई जिला जेल में तलाशी में नशीला पदार्थ, मोबाइल फोन, चार्जर व बैटरियां बरामद हुई हैं। जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना सदर नाभा पुलिस ने मामले में अज्ञात कैदियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। जेल के सहायक अधीक्षक मलकीत सिंह के मुताबिक रविवार देर शाम को जेल की बैरक नंबर एक के पास जांच की गई। इस दौरान काले रंग के चार बंडल मिले, जिसमें 59 जर्दे की पुड़ियां, दो मोबाइल फोन, दो चार्जर और दो बैटरी थीं।
अमृतसर: केंद्रीय जेल में मिले तीन मोबाइल व नशीले पदार्थ
केंद्रीय जेल फताहपुर में तीन मोबाइल फोन और नशीले पदार्थ मिले हैं। इस्लामाबाद थाने की पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत के बाद दो बंदियों की पहचान कर उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। जानकारी के मुताबिक जेल प्रशासन को सूचना मिली थी कि जेल की बैरकों में कुछ कैदी और हवालाती नशीले पदार्थों का सेवन कर रहे हैं।
इसके बाद जेल के अंदर सर्च अभियान चलाया गया। जेल सुरक्षाकर्मियों ने एक बैरक के अंदर तीन मोबाइल, 20 ग्राम हेरोइन, 850 प्रतिबंधित गोलियां, बीड़ी के 94 बंडल और सिगरेट के दो पैकेट पकड़े। इस्लामाबाद थाना प्रभारी परनीत सिंह ढिल्लों ने बताया कि जेल प्रशासन की शिकायत पर घरिंडा के रविंदर सिंह और वडै़च गांव के अमृतपाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।