सफीदों में एक पैलेस के नजदीक खेतों में एक व्यक्ति द्वारा चाकू की नोंक पर 8वीं कक्षा के छात्र के साथ कुकर्म करने का मामला सामने आया है। छात्र रात को पैलेस में आयोजित शादी समारोह में गया हुआ था। तभी एक व्यक्ति ने उसे पैसे देने के बहाने बाहर बुलाया और पास के खेत में ले जाकर चाकू की नोंक पर कुकर्म किया।
किसी से बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए छात्र को 20 रुपये देकर भगा दिया। पीड़ित छात्र ने इस बारे में अपने परिवार वालों को बताया तो वे उक्त व्यक्ति को तलाशने लगे मगर उसका पैलेस में कहीं भी पता नहीं चला।
छात्र के पिता जब थाने में इसकी शिकायत देने के लिए गए तो सदर थाना पुलिस ने शहर थाना का एरिया बताते हुए उन्हें वहां भेज दिया। जब पीड़ित के माता-पिता शहर थाना में शिकायत देने के लिए गए तो उन्हें सदर थाना का एरिया बताकर सदर थाना भेज दिया गया।
दोनों थानों की पुलिस द्वारा पीड़ित परिवार द्वारा चक्कर कटवाए गए। आखिर में सदर थाना पुलिस ने पीड़ित छात्र के पिता की शिकायत लेकर मौके का निरीक्षण किया लेकिन फिर एरिया शहर थाना का बताकर उन्हें शहर थाना भेज दिया गया।
मामले में जब मौके का निरीक्षण करने गए कार्यकारी सदर थाना प्रभारी एसआई छतरपाल से बात की गई को उन्होंने कहा कि घटनास्थल का एरिया शहर थाना पुलिस का लगाता है, इसलिए मामले की कार्रवाई शहर थाना की बनती है।
जब शहर थाना प्रभारी कर्ण सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि पैलेस खेतों की सीमा एक गांव में पड़ती है। ऐसे में यह कार्रवाई सदर थाना पुलिस की बनती है। फिर भी उन्होंने पीड़ित लड़के के पिता की शिकायत लेकर उसका मेडिकल करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।