पंजाब के मोहाली में दुष्कर्म के बाद 17 वर्षीय किशोरी के गर्भवती होने का मामला सामने आया है। मामला चंडीगढ़ का होने के कारण बलौंगी थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर केस चंडीगढ़ पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 376 और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
जांच अधिकारी एएसआई सुलक्खन सिंह ने बताया कि पीड़िता को मामूली चोट आई थी। उसे दिखाने वह डॉक्टर के पास गई थी। जांच के दौरान पता चला कि वह गर्भवती है। उसके बाद डॉक्टर ने इसकी सूचना पुलिस को दी। अस्पताल पहुंची पुलिस को लड़की ने केस दर्ज कराने से मना कर दिया और कहा कि जो कुछ भी हुआ है, इसमें उसकी मर्जी थी।
किशोरी ने बताया कि वह 12वीं की छात्रा है। कुछ समय पहले वह अपनी मौसी के पास हरियाणा गई थी। जहां उसकी बातचीत एक लड़के के साथ शुरू हो गई। लड़का उससे कई बार चंडीगढ़ मिलने आया। वह सुखना लेक पर मिलते थे। सात सितंबर को जब आरोपी लड़का उससे मिलने आया तो वह उसे अपने किसी दोस्त के कमरे में ले गया और वहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इससे वह गर्भवती हो गई लेकिन वह इस मामले में लड़के पर कोई कार्रवाई नहीं चाहती। फिलहाल पुलिस भी इस मामले में अधिक जानकारी देने से मना कर रही है।