इसके बाद वीटी कर जिलेभर की पुलिस को अलर्ट किया गया। इस दौरान सुबह करीब साढ़े 3 बजे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर एनएच 71 के टी प्वाइंट के समीप नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही कसौला थाना पुलिस ने बावल की ओर से आ रही उनकी सेंट्रो कार को रुकवाने का प्रयास किया। इस पर कार चालक ने पुलिस की जिप्सी को टक्कर मार दी और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की।
कार सवार बदमाश द्वारा अचानक फायरिंग करने से पुलिस कर्मियों ने भागकर अपनी जान बचाई। इस दौरान मौका पाकर बदमाश कार वहीं छोड़कर खेतों में फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई कर शुरू कर दी है।
खोल और कसौला पुलिस ने हत्या के प्रयास का मुकदमा किया दर्ज
पुलिस टीम पर फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के आरोप में खोल और कसौला थाना पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ लूट के अलावा हत्या के प्रयास का भी मुकदमा दर्ज किया है। इसके अलावा सदर थाना पुलिस ने शराब ठेके के सेल्समैन की शिकायत पर लूटपाट, जान से मारने की धमकी व मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया है।
चोरी की सेंट्रो कार पर इंडिका की लगी थी नंबर प्लेट
पुलिस जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने जिस सेंट्रो कार से पुलिस वाहन को टक्कर मारी थी। वह कार गुरुग्राम के एक व्यक्ति के नाम रजिस्टर्ड है। इस पर लगा नंबर इंडिका के लिए रजिस्टर्ड है। पुलिस सेंट्रो के चेचिस व रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पता लगाने के प्रयास कर रही है कि कार का मालिक कौन है। ऐसे में पुलिस इसे चोरी की कार मान रही है।
बदमाश इतने शातिर थे कि शराब के ठेका पर लगे सीसीटीवी व सीडीआर को भी अपने साथ ले गए। हालांकि पुलिस आसपास की दुकानों व घरों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि बदमाशों का कोई सुराग मिल सके।
नाके पर फायर कर फरार हुआ बदमाश
गुरुवार रात को हुई वारदात ने पुलिस गश्त पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। रात 1:30 बजे से 3:30 तक बदमाश जिले के सदर, खोल, रामपुरा, बावल व कसौला थाना क्षेत्रों में पुलिस को जमकर छकाया। खोल पुलिस पर हमला करने के बाद पुलिस कंट्रोल रूम द्वारा जिलेभर में वीटी कर दी गई।
इससे जिलेभर की पुलिस अलर्ट तो हुई, लेकिन बदमाशों को काबू करने में कामयाब नहीं हो पाई। वहीं दिल्ली-जयपुर हाईवे व एनएच 71 के टी प्वाइंट पर कसौला पुलिस पर फायरिंग के दौरान सेंट्रो कार में मात्र एक ही बदमाश था। आश्चर्य की बात यह है कि वह आधा दर्जन से अधिक पुलिसकर्मियों को चकमा देकर खेतों में भाग निकला।
मंगलवार रात भी हुई थी शराब ठेके पर लूट
बदमाशों ने मंगलवार रात को खोल क्षेत्र के गांव कठू भवानी में शराब के ठेके का अपना निशाना बनाया था। कार सवार बदमाशों ने सेल्समैन को बंधक बनाकर ठेके में रखी करीब पांच हजार रुपये की नकदी व शराब लेटकर फरार हो गए थे। बदमाश सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़ ले गए थे।