चालान काटने को लेकर हल्लोमाजरा चौक के पास कार चालक और एएसआई के बीच जमकर बहस हुई। कार चालक ने आरोप लगाया कि एएसआई ने उससे और उसकी पत्नी से बदसलूकी की जबकि एएसआई ने कार चालक पर गाली गलौज का आरोप लगाया।
स्थिति बिगड़ती देख सेक्टर-31 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत लिखकर पुलिस को दे दी। सेक्टर-31 थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
ट्रैफिक में तैनात एएसआई दयाराम ने बताया कि हल्लोमाजरा चौक के पास दिल्ली नंबर की गाड़ी रांग साइड से आ रही थी। उन्होंने कार चालक को रोककर कागजात मांगे।
इस दौरान कार चालक गाड़ी भागने लगा तो पीछे खड़े कांस्टेबल ने उसे रोक लिया। कार चालक पुलिस जवानों पर पत्नी के साथ बदसलूकी के आरोप लगाने लगा। एसआई ने तुरंत मामले की सूचना सेक्टर 31 थाना पुलिस को दी।
सेक्टर 31 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कार चालक ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिस ने उसके और उसकी पत्नी के साथ बदसलूकी की। वहीं एएसआई ने कार चालक पर गाली गलौच का आरोप लगाया। सेक्टर 31 थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत लेकर जांच शुरू कर दी।