बाउंसर मीत की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी मनी और लाडी को शुक्रवार को जिला अदालत में पेश किया गया। जहां से उन्हें पूछताछ के लिए 10 दिन के रिमांड पर ले लिया गया है। आरोपियों से पिस्टल और कार बरामद करने के साथ ही पुलिस को साजिश में शामिल एक आरोपी की भी तलाश है। हालांकि एक विडियो के वायरल होने के बाद सवाल उठ रहे हैं कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया है या उन्होंने सरेंडर किया है।
शुक्रवार को आरोपियों को पेश करने के दौरान अदालत परिसर और बाहर सादी वर्दी में सुरक्षा कर्मियों सहित एक दर्जन से अधिक स्वाट टीम के सदस्य मौजूद रहे। अब रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से हत्या में इस्तेमाल असलहा, कार और मर्डर में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी हासिल करेगी, ताकि हत्या की गुत्थी सुलझ सके। वारदात के दिन दोनों आरोपियों ने सकेतड़ी मंदिर के बाहर इंतजार करते कुछ लोगों से बातचीत भी की। लेकिन रेकी के आधार पर आरोपियों ने मीत के मंदिर से बाहर निकलते ही उस पर छह गोलियां दागी थीं, जिसमें मीत की मौत हो गई।
एक सवाल यह भी है कि आखिरकार किरयाने की दुकान और इलेक्ट्रिीशियन का काम करने वाले आरोपियों ने हत्या में किसकी पिस्टल का इस्तेमाल किया। जेल से गगन के इशारे पर किन आरोपियों ने हत्या में इनकी मदद की। पुलिस सभी पहलुओं की जांच करने के साथ साथ पूछताछ कर रही है। बता दें कि बाउंसर मीत की हत्या लाडी और मनी ने गगन के इशारे पर की है। यह बात गगन ने पुलिस को बताई थी।