ढंढारी कलां इलाके में रहने वाली एक महिला ने अपनी 16 साल की बेटी की शादी जबरन दोगुनी उम्र के व्यक्ति के साथ कर दी।
युवक उसे जबरन अपने घर ले गया और दस दिन तक जबरदस्ती दुराचार किया। किसी तरह नाबालिग वहां से भाग निकली और पुलिस को शिकायत दी।
अस्पताल में पीड़िता का मेडिकल
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर उसकी मां, बिचौलिया महिला रीटा और मोहल्ला महादेव नगर निवासी बावा दीन के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। उधर, सोमवार को पुलिस ने सिविल अस्पताल में पीड़िता का मेडिकल कराया।
दो अप्रैल को जबरन कराई शादी
जांच अधिकारी किरण लता ने बताया कि किशोरी के पिता की करीब दो वर्ष पहले मौत हो चुकी है। कुछ दिन पहले रीटा नाम की महिला ने पीड़िता की मां को उसकी शादी के लिए कहा लेकिन युवती ने अपनी उम्र छोटी होने का कहकर मना कर दिया।
इसके बावजूद दो अप्रैल को उसकी मां ने उससे दोगुनी उम्र के बावा दीन से उसकी शादी जबरदस्ती कर दी। शादी के बाद आरोपी बावा दीन उसे जबरदस्ती अपने साथ घर ले गया और वहां जबरन दुराचार किया।
मामला दर्ज कर आरोपी गिरफ्तार
इस दौरान आरोपी ने उसे कहीं जाने भी नहीं दिया। रविवार को मौका देख पीड़ित वहां से निकल गई और इसकी शिकायत पुलिस के पास की। किरण लता बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि मेडिकल के बाद पीड़ित लड़की को इलाके में ही रहने वाली महिला के पास छोड़ा गया है। बाकी उसे कहा रखना है अदालत से आदेश के बाद ही पता चल सकेगा।