हरियाणा में महिला से कई दिन तक गैंगरेप होने और उसके बाद पीड़िता के बेटे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्यारों ने दो साल के मासूम को गले से पकड़कर बेरहमी से जमीन पर पटक-पटककर मारा। उसके बाद आरोपियों ने महिला को राजस्थान में चालीस हजार रुपये में बेच दिया।
यह खुलासा शनिवार को तब हुआ जब महिला की बरामदगी के साथ ही बावल पुलिस टीम ने वारदात के महज 24 घंटे के भीतर ही पांचों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है।
हत्या और दुष्कर्म करने के तीन आरोपी सतीश, जयपाल उर्फ धूरी और हवा सिंह खिजूरी गांव के रहने वाले हैं, जबकि मानव तस्करी में शामिल दो आरोपी सूरजभान निवासी गांव शहबाजपुर और संदीप राजस्थान के जिला अलवर के गांव नंगली मातौर का रहने वाला है। सूरजभान ने महिला को बिकवाने में बिचौलिया की भूमिका निभाई, जबकि संदीप ने उसे खरीदा था।
मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई खुलासे
खिजूरी गांव के ही तीनों प्रमुख आरोपियों सतीश, जयपाल उर्फ धूरी और हवा सिंह ने ही महिला के साथ कई दिन तक बलात्कार किया था, यही नहीं इन्होंने ही मासूम की पटक-पटककर जान ली थी। शुक्रवार देर रात तक हुए मेडिकल में इस बात की पुष्टि हुई है। वहीं बलात्कार के बाद बेचने की बात तय होने पर तीनों आरोपियों ने ही नशे में धुत होकर मासूम को जमीन पर पटक-पटककर मारा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है कि हत्या का कारण सिर में कई गहरी चोटें हैं।
शराबी पति से थी परेशान
एसपी ने बताया कि पीड़ित महिला महाराष्ट्र की रहने वाली है और शराबी पति की प्रताड़नाओं से परेशान होकर सत्रह दिन पहले दो साल के मासूम बेटे को लेकर घर से भाग आई थी। पंद्रह दिन पहले आरोपी सतीश के छोटे भाई मुकेश को वह रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर मिली थी। मुकेश उसे घर ले आया और परिवार के साथ रखा लेकिन इसी बीच सतीश की नजर उस पर पड़ी और उसने परिजनों को भगाकर खुद व दोस्तों के साथ उसे हवस का शिकार बनाया।
विरोध करने पर परिजनों को था भगाया
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी सतीश के भाई मुकेश की पत्नी की मौत कुछ साल पहले हो गई थी और उसकी भी एक छह साल की बच्ची थी। आरोपी उसे घर इसलिए लाया था कि दोनों शादी कर एक-दूसरे का सहारा बनेंगे।
पेशे से ट्रक ड्राइवर मुकेश अपने काम पर चला गया और पीछे से सतीश ने अपनी मां और परिजनों को रेवाड़ी स्थित किराए के मकान में जबरन भगा दिया था।
टीम को अवार्ड, आरोपी लेंगे रिमांड पर
मानव तस्करी से संबंधित अन्य मामलों का पता लगाने के लिए आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेंगे। उम्मीद है कि मामले में और भी कुछ सामने आएगा, पीड़ित महिला को नारी निकेतन में शिफ्ट कराने के आदेश दे दिए हैं। अच्छा वर्कआउट करने पर टीम को प्रशंसा पत्र और नकद इनाम दिया जाएगा।
-एसपी नाजनीन भसीन, रेवाड़ी।