गानों की धुन में युवक इतना मस्त हो गया कि उसको मौत का पता तक नहीं चल पाया। ट्रैक पर मस्त होकर एक युवक को महंगा पड़ गया। मामला हरियाणा के बहादुरगढ़ का है। ट्रेन की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों के हवाले कर दिया। मामले में घटना को इत्तफाक मानकर कार्यवाही की गई है।
मूलत: सुलतान पुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी नर सिंह (28) पिछले कुछ समय से बहादुरगढ़ में स्थित छोटूराम नगर में रह रहा था।
एक फैक्टरी में मजदूरी करके वह अपना परिवार चला रहा था। बीते बुधवार को वह छोटूराम नगर से शहर की तरफ जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, उसके कानों में इयर फोन लगा हुआ था। शायद वह गाने सुन रहा था। पीछे से रेलगाड़ी (डेमू) आ रही थी। उसे गाड़ी की आवाज नहीं सुन पाई और जैसे ही वह रेलवे लाइन क्रास करने लगा तो इसी बीच वह गाड़ी की चपेट में आ गया। इस दर्दनाक हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर काफी लोगों की भीड़ हो गई। पुलिस ने भी वहां पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। शव को अपने कब्जे में ले पुलिस बहादुरगढ़ के ट्रामा सेंटर में ले आई। जांच अधिकारी एएसआई योगेश ने बताया कि देर शाम को उसकी पहचान हो पाई, इसलिए पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह शव का पोस्मार्टम करा परिजनों के हवाले कर दिया। इस मामले में पुलिस ने धारा-174 के हादसे को इत्तफाक मानकर कार्रवाई की है।
लापरवाही पड़ी भारी, पहले भी हुए हैं हादसे
रेल ट्रेक
- फोटो : demo pic
मृतक नर सिंह शादीशुदा था और 2 बेटियों का पिता था। लापरवाही के कारण उसकी तो जान चली गई, मगर दो बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। बता दें कि इससे पहले भी बहादुरगढ़ क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं हो चुकी थी। करीब अढ़ाई साल पहले दो युवक कान में लीड लगाकर ट्रैक पर चल रहे थे। गाड़ी की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई थी। एसएचओ रणबीर सिंह ने लोगों से आह्वान किया है कि रेलवे लाइन क्रास करते वक्त लापरवाही कतई नहीं करे। खुली लाइन क्रास न करें यदि आसपास पुल है तो उसका इस्तेमाल करे।