हत्या के केस में गवाही देने पहुंचे युवक को मारने का प्रयास
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के गुरदासपुर से बड़ी खबर है। यहां 3 साल पहले पिता के कत्ल केस में गवाही देने आए बेटे को आरोपी ने कोर्ट की तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी गुरभेज सिंह के खिलाफ कत्ल की कोशिश का केस दर्ज कर उसकी तलाश तेज कर दी है।
सिविल अस्पताल में भर्ती बिक्रमजीत की बहन जसमीत कौर ने बताया कि जमीन को लेकर झगड़े के कारण 9 मार्च 2013 को उनके पिता का कत्ल कर दिया गया था। वीरवार दोपहर दो बजे भाई बिक्रमजीत सिंह और नरिंदर सिंह की गवाही होनी थी।
इसी बीच आरोपी गुरभेज सिंह पुत्र लखबीर सिंह निवासी जफरवाल तीसरी मंजिल पर आया और बातचीत करने के बहाने उसके भाई को दीवार के पास ले गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता गुरभेज ने बिक्रमजीत को धक्का देकर तीसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया और वहां से भाग निकला।
पुलिस ने गुरभेज के खिलाफ धारा-307 के तहत मामला दर्ज किया है। गौरतलब है कि कत्ल केस में आरोपी गुरभेज सिंह इन दिनों जमानत पर रिहा था। गवाही देने पर बिक्रमजीत को उसने गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।
पिता के कातिलों को सजा दिलाने के लिए बिक्रमजीत ने गवाही देने का फैसला किया और गुरभेज ने खुद को बचाने के लिए गवाह को ही खत्म करने की कोशिश की। एसएचओ राजबीर सिंह ने कहा कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।