मामूली सी अनबन क्या हुई, पति के सिर पर खून सवार हो गया। उसने पत्नी को वो खौफनाक सजा दी कि उसकी जान चली गई। घटना हरियाणा के चरखी दादरी की है। गांव अचीना निवासी एक युवक ने अनबन के चलते अपनी पत्नी को नहर में धक्का दे दिया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
सदर थाना पुलिस ने मृतका के पिता के शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और महिला का शव बरामद कर लिया है। । फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव अचीना निवासी अजय कुमार अपनी पत्नी पिंकी को पेट दर्द की दवा दिलाने वीरवार को दादरी के एक निजी अस्पताल में लाया था। गांव खातीवास के निकट नहर के पास अजय ने बाइक रोक ली और पिंकी को नहर में धक्का दे दिया।
इसके बाद युवक सड़क पर खड़े होकर लोगों से पिंकी को कैनाल से बाहर निकलवाने की मदद मांगने लगा। जब तक ग्रामीण मौके पर पहुंचते पिंकी नहर में डूब चुकी थी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सदर थाना प्रभारी उदमीराम को दी।