एक व्यक्ति ने पहले बड़ी बेरहमी से पत्नी का कत्ल किया और उसके बाद जहरीली चीज निगल अपनी जान दे दी। ऐसा करने के पीछे बड़ी वजह बताई जा रही है। घटना पंजाब के पटियाला की है। बनूड़ के अधीन पड़ते गांव राजोमाजरा में एक किसान ने घरेलू तंगी के कारण अपनी पत्नी की सोटा मार कर हत्या करने के बाद कोई जहरीली चीज पीकर खुद आत्महत्या कर ली। वारदात सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुई है।
बनूड़ पुलिस ने दोनों लाशों को कब्जे में लेकर मामले में जांच शुरू कर दी है। बनूड़ थाने के सहायक थानेदार बहादुर राम ने बताया कि 34 साल का किसान हरजीत सिंह वीरवार सुबह खेत से अपने मजदूरों व बडे़ भाई के लिए चाय लेने के लिए घर आया। आंगन में बैठी अपनी पत्नी कुलदीप कौर को उसने चाय बनाने के लिए कहा। जैसे ही वह उठी, हरजीत सिंह ने उसके सिर में सोटे के साथ वार किया।
जमीन पर गिरी कुलदीप कौर को किसान खींच कर कमरे में ले गया और फिर सोटे से और कई चोटें मारीं और पत्नी का कत्ल कर दिया। घर की महिलाओं ने किसान को रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक कुलदीप कौर की मौत हो चुकी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद किसान घर से भाग गया और फिर कुछ देर बाद उसकी लाश गांव से कुछ दूरी पर एक खेत में मिली। पुलिस के मुताबिक हरजीत सिंह ने कोई जहरीली चीज पीकर सुसाइड किया है।