दहेज के लिए पति को हैवान बनते देर नहीं लगी और उसने अपनी ही पत्नी के साथ वो कांड कर दिया कि सभी रिश्ते शर्मसार हो गए। घटना हरियाणा के रोहतक की है। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला को कम दहेज लाने पर उसके पति ने अपने भाइयों को सौंप दिया। दोनों भाइयों ने महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। उनके चंगुल से छूटकर महिला किसी तरह मायके पहुंची और मां को सारी बात बताई। इसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। महिला ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2014 में रोहतक की शास्त्री नगर कॉलोनी के रहने वाले युवक के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद उसके पति ने दहेज के लिए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पति ने उस पर दबाव बनाया कि वह उसके अविवाहित भाइयों के साथ संबंध बनाए। इन्कार करने पर उसे एक कमरे में बंद कर दिया। कुछ देर के बाद कमरे में पति का भाई पहुंच गया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
महिला ने बताया कि उसने यह बात अपनी सास और ससुर को बताई। सास-ससुर ने भी अपने बेटे का साथ दिया। इसके बाद दूसरे भाई ने भी उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। एक दिन उसका भाई हालचाल जानने के लिए उसकी ससुराल में पहुंचा तो वह भाई के साथ मायके आ गई। उसने मां को सारी बात बताई। इसके बाद पुलिस में शिकायत की गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महिला की शादी को दो साल हो गए हैं। उसके बयान पर केस दर्ज किया गया है। सच्चाई तभी सामने आएगी, जब आरोपियों को गिरफ्तार करके पूछताछ की जाएगी। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सुशीला, जांच अधिकारी