थाना निसिंग के गांव अम्मूपुर क्षेत्र के डेरे पर पुलिस की रेड के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की मारपीट के कारण युवक की मौत हुई है। मंगलवार को मामले में पांच पुलिस कर्मियों पर केस दर्ज कर लिया है।
वहीं, आरोपी पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी को लेकर परिजनों ने करनाल-कैथल रोड जाम किया हुआ है। इससे पहले सोमवार रात क्षेत्र के करीब डेढ़ सौ लोगों ने पुलिस की कार्रवाई से खफा होकर थाना निसिंग में जमकर बवाल काटा।
सूचना मिलते ही डीसीपी हेडक्वार्टर जोगिंद्र राठी मौके पर पहुंचे। करीब ढाई घंटे के पुलिस के प्रयास के बाद परिजनों का गुस्सा ठंडा नहीं पड़ा। हालात बेकाबू होते देखकर पुलिस सकते में आ गई। एसपी अभिषेक गर्ग ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि शाम को करीब साढ़े छह बजे पुलिस की जिप्सी गांव अम्मूपुर के डेरे पर पहुंची। सूचना मिलने पर पुलिस डेरे पर नशीला पदार्थ पकड़ने के लिए गई थी।
समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी। पुलिस ने गुरचरण सिंह के पुत्र विक्रम को मौके पर पकड़ा था।
परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने विक्रम के साथ मारपीट की। मारपीट के दौरान उसकी मौत हुई। इससे बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। करीब डेढ़ सौ लोगों ने रात में थाने में पहुंचकर विरोध जताया।
डीएसपी बलजिंदर सिंह का कहना है कि विक्रम का पुलिसकर्मियों के साथ झगड़ा हुआ था। पुलिस ने पीसीआर बाइक के कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।