दडवा स्थित श्मशान घाट के पास पुलिस ने शनिवार की शाम फर्जी नंबर के स्कूटर के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी रविवार को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर एक दिन का रिमांड लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान राजकुमार हाउस नंबर-62 गांव दड़वा के रूप में हुई है। दरअसल, राजकुमार शनिवार की शाम श्मशान घाट के पास सुबह से स्कूटर खड़ा कर के गया था। किसी ने पुलिस को राजकुमार का हुलिया बताकर सूचना दी। इसके बाद दड़वा चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचकर पेड़ के पास बैठे। करीब डेढ़ घंटे बाद राजकुमार दोबारा स्कूटर के पास आया तो पुलिस टीम ने उसको दबोच लिया। पुलिस ने राजकुमार से पूछताछ के दौरान स्कूटर के दस्तावेज मांगे।
लेकिन, वह एक के बाद एक बहाने लगाने लगा। बाद में रजिस्ट्रेशन ऑफिस से जानकारी ली गई तो स्कूटर पर लगा नंबर नकली निकला। आरोपी के स्कूटर पर सीएच-01 एस एच - 0556 की नंबर प्लेट लगी था। जबकि, स्कूटर के नंबर से असली नंबर प्लेट की पहचान सीएच-01बीबी-0803 के रूप में हुई है। इसके बाद पुलिस आरोपी को विभिन्न धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया।
एक और वाहन चोर गैंग का हो सकता है खुलासा
पिछले तीन महीने में इस तरह से वाहन चोर गैंग के खुलासा का चौथा मामला खुलने के आसार है। इससे पहले सेक्टर-11 थाना पुलिस ने एक आरोपी को फर्जी नंबर की बाइक के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपी से चोरी के 12 वाहन बरामद कर पांच मामले सुलझाए थे। इसी तरह दूसरा मामला मौलीजागरां थाना और तीसरा मामला मनीमाजरा थाना पुलिस ने सुलझाया है। मनीमाजरा पुलिस ने इन आरोपियों की निशानदेही पर 13 वाहन बरामद किए थे।