पंजाब के लुधियाना में एक नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी ने नाबालिग को डरा-धमका कर पांच महीने तक उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रखा। किसी तरह से मौका देख पीड़ित नाबालिग रेलवे स्टेशन पहुंची और किसी के फोन से पिता को जानकारी दी। इसके बाद वह पहुंचे और उसे अपने साथ लुधियाना लाए। इसके बाद थाना डिविजन छह पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर रंजीत सिंह उर्फ छोटू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
पीड़िता की मां की शिकायत के मुताबिक, 24 अप्रैल को पीड़िता घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी रात के समय मौका देख घर में घुस आया और उसने बेटी के साथ दुष्कर्म किया और उसे डरा-धमका कर अपने साथ ले गया। नाबालिग ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी तक दे डाली। इसके बाद वह उसे उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में ले गया और पांच महीने तक वहां रखा।
नाबालिग ने कई बार भागने की कोशिश की लेकिन वह आरोपी युवक के चंगुल से छूट नहीं पा रही थी। 16 सितंबर को पीड़िता मौका देख भागी और रेलवे स्टेशन जा पहुंची। रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद पीड़िता ने अपने पिता को किसी के फोन से कॉल कर जानकारी दी कि वह गोंडा के रेलवे स्टेशन पर है। इसके बाद वह तुरंत बेटी को लेने गोंडा गए। दो दिन बाद लुधियाना लौटे तो पुलिस को सूचना देकर मामला दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में छापामारी शुरु कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।