घर में किए गए रंग-रोगन की मजदूरी मांगना मजदूर लक्की को महंगा पड़ गया। मजदूरी देने की बजाए आरोपियों ने उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। आरोप है कि मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने के बाद उसे कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। करीब चालीस फीसदी झुलसे मजदूर को सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। आरोपी घर पर ताला लगाकर फरार हो गए।
थाना कैंट पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। सिविल अस्पताल में दाखिल 38 वर्षीय लक्की पुत्र नरेश कुमार वासी ग्वालमंडी ने बताया कि उसने ग्वालटोली में किसी के घर पर रंग-रोगन किया था। उसे बकाया 430 रुपये लेने थे। उसे पैसे की जरूरत थी। उसने मजदूरी के बकाया 430 रुपये मांगे। इस पर तीन लोग उसके घर आए। पहले उससे मारपीट की, फिर मिट्टी का तेल डालकर उसे आग के हवाले कर दिया।
लक्की ने बताया आरोपियों ने आग लगाने के बाद कमरे में बंद कर बाहर से दरवाजे में कुंडी लगा दी। वह किसी तरह से खिड़की तोड़कर बाहर निकला। इसके बाद उसे पड़ोसियों ने अस्पताल में दाखिल करवाया। अस्पताल में मौजूद लक्की के परिजनों का आरोप है कि घटना को 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस उनकी सुनवाई नहीं कर रही है, अभी तक आरोपियों के विरुद्ध थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है।
पुलिस को शिकायत दे दी गई है। थाना कैंट के प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए उनके घर गई थी। घर पर ताला लगा होने के कारण लौट आई। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद उनके नामों का खुलासा किया जाएगा।