तीन दिन पहले नौकरी पर रखे युवक ने मंगलवार दोपहर तीन अन्य हथियारबंद साथियों संग अपने कारोबारी मालिक के घर से करीब एक करोड़ रुपये नकद व गहने लूटकर फरार हो गया। पिस्तौल के बल पर मालकिन और नौकरानी को कमरे में बंद करके करीब एक घंटे तक घर को खंगाला और जाते समय घर में खड़ी एक कार भी ले गया।
वारदात सीसीटीवी में कैद है। एसपी सुरेंद्र सिंह भौरिया ने बदमाशों को पकड़ने के लिए दो टीमें गठित की हैं। पुलिस ने देर रात लूट का केस दर्ज किया है। उधर, कारोबारी का परिवार कुछ भी कहने से बच रहा है। पुलिस के अनुसार, शहर के नामी कारोबारी राहुल राव सेक्टर-9 में रहते हैं। राहुल और उनकी पत्नी केदारनाथ गए हैं।
तीन दिन पहले राहुल ने दिल्ली की एक एजेंसी के माध्यम से पवन नामक नौकर को नौकरी पर रखा था। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे पवन अपने तीन साथियों के साथ हाथ में चाकू और पिस्तौल लेकर घर में घुसा और राहुल की पुत्रवधू ज्योति व नौकरानी को एक कमरे में बंधक बना लिया।
पिस्तौल के बल पर उन्होंने उनसे अलमारी की चाबी लेकर उसमें रखे पांच लाख नकद और लाखों का जेवरात लूट लिए। बदमाशों ने करीब एक घंटे तक घर को खंगाला और करीब दो बजे घर में खड़ी आई-20 लेकर फरार हो गए। पुलिस ने देर रात लूट का मामला दर्ज किया है।
बदमाशों की गिरफ्तारी को लेकर दो टीमें गठित की हैं। दोनों टीमों ने काम शुरू कर दिया है। नाकेबंदी की जा रही है। सीटीसीटी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शहरवासियों से अपील है कि वह नौकरों को पुलिस वेरिफिकेशन के बाद ही घर में रखें।
- सुरेंद्र सिंह भौरिया, एसपी, करनाल।