सेल्समैन विक्रम एक वर्ष से पेट्रोल पंप पर काम कर रहा है। हर रोज वह और एक अन्य कर्मचारी रुपये जमा करने के लिए एक्सिस बैंक जाते हैं। गुरुवार को विक्रम को पैसे जमा करने के लिए भेजा गया था। जब वह किशन चंद कॉलोनी से जाने लगा तो बदमाशों ने 40 सेकेंड में वारदात को अंजाम देकर सवा दो लाख रुपये लूट लिए।
पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। 12 बजकर एक मिनट 50 सेकेंड पर बदमाशों ने विक्रम से रुपये लूटना शुरू किया और 12 बजकर 2 मिनट 30 सेकेंड पर लूट को अंजाम देकर फरार हो गए। कयास लगा जा रहा है कि बदमाश कई दिन से रेकी कर रहे थे। वारदात के दौरान सेल्समैन पेट्रोल पंप से डेढ़ किलोमीटर जा चुका था, वहां से बैंक सिर्फ एक किलोमीटर रहा गया था।
दिनदहाड़े हुई घटना ने पुलिस पर फिर उठाए सवाल
दिनदहाड़े हुई लूट से एक बार फिर पुलिस कटघरे में खड़ी हो गई है। नरवाना में लूटपाट और चोरी की घटनाओं में पिछले दो महीने में काफी इजाफा हुआ है। लोगों का कहना है कि नरवाना में अपराधी पूरी तरह से बेखौफ हैं और उनको पुलिस का डर नहीं है।