लूट की वारदात के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
बूढ़ा खेड़ा गांव में स्कूल संचालिका के घर में तीन बदमाशों की लूट की वारदात को अंजाम दिया। घर में मौजूद तीन सदस्यों को गनप्वाइंट पर बंधक बनाकर घर में रखे करीब 45 तोले सोना और करीब तीन लाख रुपये नकदी ले गए। सूचना मिलने के बाद सेक्टर 32-33 पुलिस थाना, डीएसपी राजीव कुमार व एफएसएल टीम ने मौके का मुआयना लिया और बदमाशों के खिलाफ तथ्यों को जुटाया।
पुलिस को शिकायत में मनदीप कौर ने बताया कि सुबह करीब साढ़े सात बजे उसकी सास हरविंद्र कौर स्कूल में चली गई। पेपर होने के कारण बिटिया भी जल्दी स्कूल चली गई। वे अपने बेटे को नाश्ता देने की तैयारी कर रही थी कि दो व्यक्ति अंदर घुसे। एक को गेट पर खड़ा कर दिया। अंदर घुसे दोनों बदमाशों के पास पिस्तौल थी।
उन्हें एक कमरे में बंधक बना लिया और एक घंटे तक पूरे घर को छानकर अलमारियों से गहने और नकदी ले गए। आरोपी सीसीटीवी की डीवीआर भी साथ ले गए। डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि पुलिस ने तीन अज्ञात के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी खंगाले जा रही है। शक के आधार पर कई स्थानों पर छापेमारी भी की गई।
चार टीमों का गठन
डीएसपी राजीव कुमार ने बताया कि साढ़े तीन लाख रुपये नकदी और 45 तोले सोना ले जाने की शिकायत पुलिस को दी गयी है। मामले की जांच के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।