महिला गिरोह ने सेक्टर-32 में रास्ता पूछने के बहाने एक महिला को नशीला पदार्थ सूंघाकर कैश व लाखों के गहने लूट लिए। इसके बाद आरोपी महिला को बेहोशी हालत में हाउसिंग बोर्ड चौक पर फेंककर फरार हो गए। पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में लगी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित महिला रीटा गौड़ परिवार के साथ कजहेड़ी में रहती है। उसने बताया कि उनका पति जितेंद्र सीटीयू में असिस्टेंट के पद पर तैनात हैं। जबकि वह खुद बेबीज के कपड़ों की सप्लाई का बिजनेस करती है। आरोपी महिला गिरोह ने पीड़ित से 75 हजार कैश और लाखों के गहने लूट लिए।
पीड़ित के अनुसार वह सुबह 10 बजे बच्चे की स्कूल फीस जमा कराने घर से निकली थी। स्कूल फीस का काम पूरा करने के बाद दोपहर दो बजे सेक्टर-32 में कपड़ों की पेमेंट लेने पहुंची। वहां से बच्चों से बात करने के बाद सेक्टर-32 में बच्चों के लिए खाने का सामान खरीदा।
जैसे ही वह अपनी एक्टिवा के पास आई तो उन्हें रास्ते में एक महिला ने रोककर सेक्टर-20 का रास्ता पूछा। इसी दौरान महिला रीटा के पास आई और उसे कुछ सूंघाकर बेहोश कर अपनी कार में बैठा लिया। देर शाम तक रीटा के घर न पहुंचने से घरवाले परेशान होने लगे।
इसके बाद पुलिस की मदद से परिवार वालों ने रीटा की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान सेक्टर-32 में रीटा की एक्टिवा मिली। करीब दस बजे रात को ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल ने किसी महिला के बेसुध पड़े होने की सूचना कंट्रोल रूम में दी। इसके बाद पुलिस और परिजनों ने रीटा को अस्पताल में भर्ती कराया है।