गांव बिलबिलान बरोदा हलका में आता है। बरोदा हलका में उपचुनाव होने के चलते 1 नवंबर से ठेके बंद थे और कप्तान ठेका बंद करके अपने घर चला गया था। मंगलवार देर शाम को ठेका खुलने पर कप्तान अपना सामान उठाने और नौकरी छोड़कर हिसाब करने ठेके पर आया था। बुधवार सुबह ठेकेदार रोहताश ने वीरेंद्र के परिजनों को सूचना दी कि कप्तान की तबीयत खराब है।
परिजन जब ठेके पर पहुंचे तो वहां कप्तान मृत मिला और पता चला कि उसकी गोली मार कर हत्या की गई है। वीरेंद्र का कहना है कि ठेकेदारों की रंजिश के चलते ही उसके भाई की हत्या की गई है। पुलिस ने घटनास्थल पर जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। बताया गया है कि कप्तान को एक गोली सीने और दूसरी गोली बाजू पर मारी गई है। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोल भी बरामद किए। वीरेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
भाई ने कहा मामले की निष्पक्ष जांच कर दिलाए न्याय
कप्तान के परिजनों ने पुलिस से घटना को लेकर निष्पक्ष कार्रवाई करके जल्द हमलावरों का पता लगाकर गिरफ्तार करने की मांग की। परिजनों ने कहा कि ठेकेदारों की रंजिश के चलते ही कप्तान की हत्या की गई है। मामले की निष्पक्ष जांच से ही उन्हें न्याय मिल सकेगा।
करीब चार साल पहले एक सड़क हादसे में कप्तान के पैर टूट गए थे। उसके पैर में रॉड डाली गई थी। इतना ही नहीं एक साल पहले कप्तान की पत्नी सुनीता की बीमारी के चलते मौत हो गई थी। कप्तान का डेढ़ साल का बेटा यश है। माता-पिता की दोनों की मौत के बाद अब कप्तान के परिजन ही उसका सहारा हैं।
कटवाल ठेके पर लगाई थी आग व आंवली में की थी फायरिंग
गांव कटवाल में 10 अक्तूबर को शराब के ठेके में आग लगा दी गई थी। साथ ही गांव आंवली में ठेके पर फायरिंग की गई थी। गांव निजामपुर माजरा निवासी सुरेश ने साथियों के साथ गांव कटवाल में भी ठेका ले रखा है। सुरेश ने आरोप लगाया था कि जेल में बंद कटवाल गांव के सुमित ने उसके साथी जोगेंद्र से आठ लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी।
10 अक्तूबर को कटवाल में हथियारों से लैस युवकों ने शराब के ठेके में आग लगा दी थी। युवकों ने गांव आंवली में ठेके पर सेल्समैन पर फायर भी किया था। यह ठेका कृष्ण कुमार चलाता है। पुलिस मामले में हर पहलू से जांच कर रही है।
शराब ठेके के सेल्समैन की गोली मारकर हत्या की गई है। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्जकर लिया है। घटना की जांच शुरू कर दी गई है। - कर्मजीत सिंह, प्रभारी सदर, थाना गोहाना