तरनतारन जिले के कस्बा भिक्कखीविंड के गांव चक्क भामा में एक जागीरदार किसान की ओर से अपने रखे बंधुआ मजदूर को मात्र उसके बकाया 1300 रुपये मांगे पर इतनी मारपीट की है कि मजदूर लखविंदर सिंह की दोनों टांगों पर कई फ्रैक्चर हो गए हैं।
लखविंदर सिंह गुरुनानक देव अस्पताल में इलाज करवा रहा है। लखविंदर के परिवार के पास इतने पैसे भी नहीं हैं कि वह उसके इलाज के ऊपर कोई खर्च कर सकें।
दूसरी ओर पुलिस ने लखविंदर सिंह का अपहरण करके अपने घर में बंद करके उसकी मारपीट करने वाले जागीरदार अंग्रेज सिंह के खिलाफ अब तक कोई भी कानूनी कार्रवाई नहीं की है। उल्टा अंग्रेज सिंह पीड़ित परिवार को धमका रहा है। यह आरोप सामाजिक संगठन एसईडीपी और वालंटियर फार सोशल जस्टिस के नेता डेनियल बी दास व जय सिंह की ओर से संयुक्त रूप में लगाए गए। दोनों संगठनों ने एक संयुक्त पत्रकार सम्मेलन आयोजित किया था।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने तरनतारन पुलिस को चेतावनी दी है अगर दो दिनों में अंग्रेज सिह को गिरफ्तार न किया गया तो वे इस मुद्दे पर आंदोलन शुरू कर देंगे। इस संबंध में भिक्खीविंड के डीएसपी हरपाल सिंह ने कहा कि लखविंदर सिंह अंग्रेज सिंह के खिलाफ बयान नहीं दे रहा है इसलिए अंग्रेज सिंह के खिलाफ कोई कार्रवाई करने से पुलिस असमर्थ है।