कुरुक्षेत्र शहर की सपड़ा कॉलोनी निवासी उद्योगपति जयभगवान सिंगला के अपहृत बेटे आदित्य सिंगला उर्फ हनी को बदमाशों ने मंगलवार देर रात सकुशल छोड़ दिया लेकिन बताया जा रहा है कि इससे पहले उन्होंने फिरौती में बड़ी रकम वसूल ली।
चर्चा है कि बदमाश ढाई करोड़ रुपये फिरौती वसूल ले गए लेकिन घरवाले या पुलिस इस संबंध में कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। बदमाश आदित्य को करनाल में जीटी रोड पर स्थित नमस्ते चौक पर छोड़ गए।
कुरुक्षेत्र और करनाल पुलिस ने अंबाला से पानीपत तक नेशनल हाईवे पर बदमाशों की घेराबंदी के लिए जाल बिछाया लेकिन बदमाशों को पकड़ने में कामयाब नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार अपहर्ताओं के गैंग की पहचान हो चुकी है, जल्द ही वे पुलिस के कब्जे में होंगे।
आदित्य सिंगला (28) का रविवार की रात को करीब 10.05 बजे अपहरण कर लिया गया था। हनी उस समय खाना खाकर घर के बाहर टहल रहा था। एक सफेद रंग की गाड़ी में आए युवक आदित्य पर काला कपड़ा डालकर उसे दबोच कर ले गए। 50 मिनट बाद जब आदित्य के ही मोबाइल से अपहरणकर्ताओं ने परिवार वालों को फोन कर चार करोड़ की फिरौती की मांग की तब घरवालों को उसके अपहरण का पता लगा।
सुरक्षा कारणों से परिवार और पुलिस ने अपहरण का खुलासा नहीं किया। पुलिस की कई टीमें अपहर्ताओं की तलाश में लगीं रहीं। सूत्रों के अनुसार इस बीच उद्योगपति और अपहर्ताओं के बीच ढाई करोड़ फिरौती पर बात बन गई। अपहरणकर्ताओं ने मंगलवार रात फिरौती की रकम के साथ आदित्य के पिता जयभगवान सिंगला को हाइवे पर ही बुलाया था।
बाद में बदमाशों ने उन्हें पहले गन्नौर तक चक्कर कटवाया और उसके बाद घरौंडा टोल प्लाजा के पास उनसे पैसा लेकर निकल गए। इस दौरान बदमाशों के साथ आदित्य नहीं था। इस बीच कुरुक्षेत्र के साथ ही करनाल पुलिस ने भी बदमाशों को पकड़ने के लिए जाल बिछा लिया था।
बदमाशों की एक टीम फिरौती वसूल चुकी थी इसलिए दूसरी टीम ने कुछ देर बाद आदित्य को करनाल के नमस्ते चौक पर छोड़ दिया।