कलयुगी मां ने दूसरे पति के साथ मिलकर अपने ही चार साल के बेटे का कत्ल कर दिया। वारदात पंजाब के जालंधर की है। गांव आदमपुर में मां ने चार साल के जिगर के टुकड़े को बेरहमी से न केवल पीटा बल्कि उसका गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को खुर्दपुर नहर की पुली के निकट झाड़ियों में फेंक दिया।
पुलिस को दोनों पति पत्नी ने यह कहकर गुमराह किया कि उनका चार साल का बच्चा गुम हो गया है लेकिन शव के झाड़ियों में मिलने के बाद हत्याकांड का सनसनीखेज सच सामने आ गया और पति पत्नी दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ मकान मालिक की शिकायत पर कत्ल का केस दर्ज कर लिया गया है।
एसएसपी देहाती हरमोहन संधू ने बताया कि वीरवार आदमपुर थाना में मोहमद अकबर अली शेख निवासी आसाम व उसकी पत्नी खालिदा बीवी आदमपुर के निकट खुर्दपुर में केवल सिंह के मकान में किराए पर रहते थे।
दोनों ने शिकायत की थी कि उनका चार साल बच्चा साइफल घर से खेलने के लिए निकला लेकिन वापस नहीं लौटा। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी और इस दौरान शुक्रवार को साइफल का शव खुर्दपुर नहर के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला।