खानपुर के पास बुधवार शाम प्राइवेट डॉक्टर दंपति की कार में टैंपू ट्रैक्स ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपती घायल हो गया। घायलों को खरड़ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां डॉक्टरों ने महिला को गंभीर अवस्था में चंडीगढ़ जीएमसीएच-32 में रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अनुसार, गांव भुखड़ी निवासी लवदीप सिंह पत्नी रज्जी वालिया के साथ भागो माजरा में निजी डॉक्टर हैं। बुधवार को दंपती कार से अपनी क्लीनिक जा रहे थे।
शाम करीब 4:15 बजे खानपुर के निकट पहुंचे तो मोरिंडा की ओर से आ रही टैंपू ट्रैक्स नंबर एचआर 65-2269 ने टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों लोग घायल हो गया, जिन्हें सिविल अस्पताल खरड़ ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने रज्जी वालिया को नाजुक हालत में जीएमसीएच-32 रेफर कर दिया।
वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जबकि लवदीप सिंह को सिविल अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
लवदीप की शिकायत पर चंडीगढ़ सेक्टर-56 निवासी चालक जतिंदर कुमार के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।