पंजाब के लुधियाना में आज पुलिस ने किडनैप इवेंट कंपनी के मैनेजर को छुड़वा लिया। इस कार्रवाई में एक हेड कांस्टेबल को गोली लगी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, दूसरी ओर पुलिस एक किडनैपर को काबू करने में कामयाब रही। बाकी किडनैपर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात स्विफ्ट कार सवार युवक घर लौट रहे इवेंट मैनेजर रॉबिन को किडनैप करके फरार हो गए। उन्होंने रॉबिन के परिजनों से फिरौती की मांग की। किडनैपर्स ने रॉबिन के परिजनों को फिरौती के पैसे लेकर महाराजा ग्रैंड रिजॉर्ट के पास बुलाया।
रॉबिन के परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी और दो लाख रुपये लेकर बताई गई जगह पर पहुंचे। पुलिस उनका पीछा कर रही थी। जैसे ही किडनैपर्स पैसे लेने आए, पुलिस ने उन पर गोलियां बरसा दीं।
इस मुठभेड़ में एक हेड कांस्टेबल घायल हो गया और पुलिस ने एक किडनैपर को दबोच लिया। साथ ही रॉबिन को भी छुड़वा लिया गया। बाकी किडनैपर्स भाग गए। अब पुलिस ने तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।