गैंगस्टरों ने वीरवार रात अजनाला से लौट रहे रंजीत एवेन्यू डी ब्लाक निवासी डॉक्टर मनीष शर्मा का अपहरण कर उससे साढ़े सात लाख रुपये बतौर फिरौती भी वसूल ली। अपहरणकर्ताओं ने डॉक्टर को इस शर्त पर छोड़ दिया कि 60 लाख रुपये और न देने पर उसके परिजनों की हत्या कर दी जाएगी। रात करीब आठ बजे डॉ. मनीष का अपहरण तब किया गया, जब वह अजनाला स्थित मनीष हॉस्पिटल से वापस अपने घर लौट रहे थे।
रास्ते में एक धार्मिक स्थल पर माथा टेक जैसे ही डॉक्टर ने अमृतसर के लिए कार आगे बढ़ाई, कार सवार तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर अपहरण कर लिया। पुलिस ने मामले में गैंगस्टर गोपी घनश्यामपुरिया व हैरी चड्ढा समेत तीन को नामजद किया है।
परिजनों ने बताया कि देर रात करीब बारह बजे डॉक्टर ने साढ़े सात लाख रुपये फिरौती देकर अपहरणकर्ताओं से जान छुड़ाई। हालांकि अपहरणकर्ताओं ने रविवार तक 60 लाख रुपये और देने की डिमांड की है।
अपहरण की कहानी, डॉक्टर की ज़ुबानी
फिरौती लेने के बाद छोड़ा डॉक्टर
- फोटो : Demo Pic
डॉक्टर मनीष शर्मा ने वापस लौटकर पुलिस को आपबीती बताई। बताया कि अपहरण करने वालों ने पहले कार रुकवाकर आग्रह किया कि सिर में चोट लगी है, सिटी स्कैन करवाना है, पर्ची लिख दें। कल उनके क्लीनिक में आ जाएंगे। पर्ची लिखने के दौरान ही बदमाशों में शामिल दो युवक हथियारों के बल पर किडनैप कर लोहारका रोड ले गए। साथ ही मारपीट भी की।
इसी दौरान एक बदमाश डॉक्टर के घर पर कार पर सवार होकर रकम लेने गया। फिरौती देने के बाद घर पहुंचकर डॉक्टर ने पुलिस को इसकी सूचना दी। डॉक्टर ने पुलिस को अपहरणकर्ताओं की ओर से दी गई धमकी के बारे में भी बताया। अपहरणकर्ताओं ने लोपोके रोड से सटे एक गांव के करीब डॉक्टर को तीन घंटे तक कार में ही बंधक बनाकर रखा।
उधर, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर दबिश दी है। जांच अधिकारी (थाना प्रभारी, अजनाला) सतिंदर सिंह ने बताया कि मामले में तीसरे गैंगस्टर की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।