हरियाणा के नारनौल जिले के गांव अटेली से अपहरण किए गए युवक का शव राजस्थान के गांव गुगड़िया के जंगलों में स्थित पहाड़ी पर मिला। राजस्थान पुलिस ने शव कब्जे में लेकर इसकी सूचना जिला मुख्यालय को दी।
डीएसपी कनीना ताहिर हुसैन और अटेली थाना प्रभारी विजेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। शव का बहरोड़ अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। हत्यारोपी मरने वाले युवक के गांव के हैं। इस कारण गांव में पुलिस तैनात कर दी है। पुलिस प्रशासन के उच्च अधिकारियों के साथ-साथ जिला रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ के पुलिस जवान दिन भर तैनात रहे।
शनिवार रात करीब 9 बजे गांव अटेली के आधा दर्जन युवकों ने घर में घुसकर अशोक का अपहरण कर लिया था। युवक के पिता सुभाष की शिकायत पर पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
रविवार को पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा ने डीएसपी मुख्यालय राजेश कुमार, डीएसपी ताहिर हुसैन, डीएसपी महेश कुमार और डीएसपी विवेक कुमार के साथ सर्च अभियान किया। क्षेत्र के गांव बिहाली, रामपुरा, कांटी की पहाड़ियों तथा जंगलात (बणी) में तलाश होती रही, लेकिन रविवार रात तक युवक का सुराग नहीं लगा।
युवक के पिता ने गांव निवासी ओमाकांत, हरबिंद्र, बिल्लू, बिरेंद्र और देव पर अपहरण का आरोप लगाया। आरोप लगाया कि अपहरणकर्ताओं ने अशोक की हत्या करने के बाद शव राजस्थान के गांव गुगड़िया के जंगलों में डाल दिया।