पंजाब के लुधियाना में प्रापर्टी विवाद के चलते एक व्यक्ति ने साथी के साथ मिल कर अपने साले को ही अगवा कर लिया। कुछ दिन पहले पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज की थी। लेकिन गुरु तेग बहादुर नगर निवासी कृष्णा देवी की शिकायत पर थाना सदर पुलिस ने उसके दामाद परगट मसीह व एक अन्य के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज किया है।
कृष्णा देवी द्वारा पुलिस के पास दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक उसकी बेटी और दामाद ने कोर्ट मैरिज करवाई थी। शादी के बाद परगट सिंह काफी समय तक उनके पास रहा। उनका एक ही बेटा है।
आरोपी अक्सर उसे मकान बेचने का दबाव बनाता था। वह कहता था कि किसी अन्य जगह मकान ले देगा। परंतु इसके लिए कृष्णा देवी नहीं मानी। कुछ दिन पहले वीरू घर से सामान लेने के लिए इलाके में स्थित करियाने की दुकान पर गया, लेकिन वापिस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अपने एक साथी के साथ मिल कर वीरु को मोटरसाइकिल पर बैठा कर ले गया था। उसी समय से वीरू लापता है। कृष्णा देवी ने आशंका जताई कि उसके दामाद ने ही बेटे को अगवा किया है।
मामले की जांच कर रहे एएसआई बलवीर सिंह ने कहा कि पहले इस मामले में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज की गई थी, लेकिन बाद में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में छापामारी की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।