स्कूल जा रही दो बहनों को अगवा कर पांच लोगों ने गैंगरेप किया। आरोपी में एक नाबालिग भी शामिल है। हैवानियत की यह घटना पंजाब के मोगा जिले की है।
जहां थाना महिना के अधीन एक गांव में स्कूल पढ़ने जा रही दो नाबालिग चचेरी बहनों को अगवा कर सामूहिक दुराचार किया। पुलिस ने जगरांव के एक प्राइवेट स्कूल के दसवीं के एक नाबालिग विद्यार्थी समेत पांच के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोनों पीड़ित बहनों का मंगलवार देर शाम मेडिकल करवाया गया। दुराचार की बढ़ रही घटनाओं के कारण लोगों में दहशत का माहौल है। जिले के अलग-अलग थानों इस वर्ष अब तक दुराचार के 26 मामले दर्ज हो चुके हैं।
मेडिकल जांच में दोनों के साथ रेप की पुष्टि
मामले की जांच कर रही महिला एएसआई परमजीत कौर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है। एफआईआर में एक छात्रा से सामूहिक दुराचार का जिक्र है, लेकिन मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक दोनों छात्राओं के साथ सामूहिक दुराचार की पुष्टि हुई है।
आरोपी विद्यार्थी जगरांव के एक स्कूल में पढ़ता था और एक पीड़ित छात्रा भी इस स्कूल में पढ़ती थी। उन्होंने बताया कि पीड़ित छात्रा को आरोपी विद्यार्थी परेशान करता रहता था।
उन्होंने कहा कि आरोपी के परेशान करने के बारे में पीड़ित छात्रा ने अपने मां-बाप को बताया तो उसे स्कूल में से हटा कर अपने गांव के स्कूल में दाखिल करवा दिया। दोनों पीड़ित छात्राएं नाबालिग हैं और नौवीं की छात्राएं हैं।
रेप के बाद गांव के पास छोड़ गए
एफआईआर के मुताबिक दोनों पीड़ित छात्राएं मंगलवार सुबह अपने ही गांव के सरकारी स्कूल में पैदल जा रही थीं। इस दौरान आरोपी विद्यार्थी ने कुछ अज्ञात आरोपियों की सहायता से उनके मुंह पर हाथ रखकर कार में बैठा लिया।
जब उन्होंने शोर डालने की कोशिश की तो उनको जान से मारने की धमकी देकर चुप करवा दिया और सुनसान जगह पर ले जा कर सामूहिक दुराचार किया।
इस से बाद उनको गांव गालब कलां के पास छोड़ कर फरार हो गए। इस मौके वहां कुछ राहगीरों ने उनके मां-बाप को फोन कर जानकारी दी।