पंचकूला शहर के सेक्टर-2 स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डीआईईटी) के गर्ल्स हॉस्टल में दो छात्राओं की मौत के मामले में सेक्टर-5 थाना पुलिस ने संस्थान प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही और प्रताड़ना देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने यह कार्रवाई करनाल के गांव सालवन निवासी छात्राओं के परिजनों की शिकायत पर की है।
संस्थान में जेबीटी की दो छात्राओं की मौत के मामले की गुत्थी सुलझ नहीं पाई है। इस मामले में परिजनों से सलाह के बाद जसमेर सिंह और विक्रम राणा ने सेक्टर-5 थाना पुलिस को संस्थान प्रबंधन से जुड़े कर्मियों और अधिकारियों पर लापरवाही और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने धारा-306 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
सोमवार-मंगलवार रात करनाल के गांव सालवन की दो छात्राओं की मौत हो गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन पहुंचे, लेकिन उन्हें मौत के कारणों का पता नहीं चल सका। परिजनों का कहना था कि छात्राओं को घर से किसी तरह की परेशानी नहीं थी। इस बाबत न तो प्रिंसिपल और न ही केयरटेकर से कोई क्लू मिल सका।
लेकिन इस मामले में परिजनों और पुलिस के साथ-साथ महिला आयोग की उपाध्यक्षा की छानबीन के बाद मौत के वजहों पर से परदा हटने लगा। मौसा विक्रम सिंह राणा ने कहा कि छात्राओं के लड़कों के साथ बॉलीवॉल खेलने के कारण उन्हें धमकाया गया।
इसी बात को लेकर प्रताड़ित किए जाने से दोनों छात्राओं ने सुसाइड कर लिया। सेक्टर-5 थाना के एसएचओ सुरेश कुमार ने कहा कि इस मामले में शिकायत मिलने के बाद संस्थान प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।