रेप के आरोप में फंसाकर पैसे ऐंठने वाले गिरोह के चार लोग काबू
- फोटो : अमर उजाला
दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाकर पैसे ऐंठने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सिटी थाना पुलिस ने दो महिलाओं सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। आरोपियों से 2 लाख 92 हजार रुपये नई करेंसी बरामद की गई है।
सिटी थाना पुलिस को कुटेल निवाली कृष्ण कुमार ने शिकायत दी थी कि कुछ दिन पहले उसके मोबाइल पर गलत मैसेज आया। उसने उस मोबाइल नंबर पर फोन करके बताया कि आपने मैसेज गलत नंबर पर किया है। उसके बाद आरोपी लड़की उसे बार-बार फोन करती रही और मिलने की बात कहने लगी। वह उसकी बातों में आ गया और करनाल के एक होटल में उससे मिलने चला गया।
मिलने के बाद लड़की उसके साथ गाड़ी में घूमने चली गई। वापस होटल के पास आई तो लड़की की मां और एक लड़का वहां खड़ा मिला। तीनों ने उसे धमकी दी कि वह 25 लाख रुपये नहीं देगा तो से बलात्कार के केस में फंसा देंगे।
सौदेबाजी के लिए मांगे थे 25 लाख रुपये
रेप के आरोप में फंसाकर पैसे ऐंठने वाले गिरोह के चार लोग काबू
इसके बाद युवक के गांव में जाकर सरपंच की मदद से मामले को सुलझाया और दो लाख रुपये उस लड़की और एक लाख रुपये अन्य आरोपियों को दिए। इसी दौरान लड़की के परिजनों ने भी पुलिस को फोन पर झूठी सूचना दी थी कि उनकी लड़की का अपहरण हो गया है। पुलिस ने अपहरण की जांच शुरू की तो कृष्ण कुमार ने भी पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के बाद सिटी थाना प्रभारी मोहन लाल की अध्यक्षता में एक टीम का गठन किया गया।
थाना प्रभारी की अध्यक्षता में मंजूर अली की टीम ने बलात्कार के झूठे केस में फंसाकर पैसे ऐंठने वाले गैंग के आरोपी जीवन निवासी कुटेल, नेहा, राहुल और राजनंदनी निवासी करनाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने कृष्ण को रेप के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर एक लड़की और उसकी मां सहित दो अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर तीन लाख रुपये ऐंठ लिए हैं।
पुलिस ने आरोपियों से 2 लाख 92 हजार रुपये नई करेंसी बरामद की है। वहीं एक आई फोन, चार साइन करवाए हुए ब्लैंक चेक, एक बिना नंबर की एक्टिवा सहित एक कार भी बरामद की है।