पटियाला के नाभा स्थित देवी दयाला चौक में मंगलवार सुबह एक ज्वेलर ने पड़ोसी ज्वेलर को गोली मार दी। गंभीर हालत में ज्वेलर को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। खबर लिखे जाने तक पुलिस ने आरोपी दुकानदार, उसके पिता और दोनों बेटों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। मुख्य आरोपी ज्वेलर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी फरार है। दोनों के बीच विवाद जमीन को लेकर हुआ था।
नाभा कोतवाली थाना इंचार्ज सुखराज सिंह के मुताबिक ज्वेलर रविंदर कुमार वर्मा उर्फ रवि वर्मा (51) निवासी अफसर कालोनी नाभा की बैंक स्ट्रीट मोड़ के नजदीक ज्वेलरी की दुकान है। करीब डेढ़ साल पहले रवि वर्मा ने उसी बाजार में एक और दुकान खरीदी थी। जिसमें इन दिनों निर्माण का काम चल रहा था। इस दुकान की दीवार आरोपी उमेश की दुकान के साथ साझा है।
इस कारण दोनों ज्वेलरों में आए दिन कोई न कोई झगड़ा होता था। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे उमेश का बेटा भाना रवि वर्मा की दुकान पर गया और उससे दीवार को लेकर झगड़ने लगा। इसी बीच उसने रवि को थप्पड़ मार दिया। कुछ देर बाद रवि का बेटा जब दुकान पर आया, तो उसने सारी बात बेटे को बताई। दोनों बाप-बेटा इस बारे में बात करने के लिए उमेश की दुकान पर गए।
वहां उमेश, उसका पिता प्रेम चंद और उमेश के दोनों बेटे विकास व भाना मौजूद थे। वाद-विवाद बढ़ा तो उमेश ने अपनी लाइसेंसी 32 बोर की पिस्टल से रवि वर्मा को गोली मार दी। गोली उसकी छाती के नीचे कमर में लगी। वहीं उसने बेटे पर भी वार किया गया। वह भी घायल है। गंभीर हालत में रवि वर्मा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी उमेश, उसके पिता और दोनों बेटों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। आरोपी उमेश को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी फरार हैं।