जालंधर की अमरजीत कौर और सन्नी को गिरफ्तार किया गया है, क्योंकि वे हवाला के जरिए देश में ड्रग मनी के वितरण में शामिल थे। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि उनके पास से ड्रग मनी ट्रांसपोर्ट करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली गाड़ी भी जब्त की गई है और वेस्टर्न यूनियन संचालक अमित शुक्ला को भी फगवाड़ा से गिरफ्तार किया गया है क्योंकि वह पंजाब, झारखंड और दिल्ली में हवाला लेनदेन में शामिल था, जहां विदेश से नशीली दवाओं का पैसा ऑपरेटरों को वितरित किया जाता था। इसी तरह उन्होंने कहा कि दिल्ली के प्रमोद को दिल्ली के कस्टम अधिकारियों के साथ मिलीभगत के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा ने बताया कि विदेश भेजने के लिए प्रत्येक पार्सल को मंजूरी देने की खातिर कस्टम अधिकारियों को भारी रकम का भुगतान किया जाता था। इस मामले में कस्टम विभाग के छह अधिकारियों को भी नामजद किया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
नौ करोड़ की बड़ी रकम वाले 30 बैंक खाते फ्रीज
सीपी ने कहा कि नौ करोड़ की बड़ी रकम वाले 30 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया है और ड्रग मनी से बनाई गई छह करोड़ की 12 संपत्तियों की पहचान की गई है। उल्लेखनीय है कि जालंधर पुलिस ने तीन मार्च को एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग गिरोह का भंडाफोड़ किया था। पांच किलो अफीम के साथ तीन लोगों को दबोचा था।