ऑक्सीजन भरे टैंकर से टकराई बस, 3 की मौत
ऑक्सीजन से भरे टैंकर से इंडो कैनेडियन वॉल्वो बस की टक्कर हो गई। हादसे में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत की खबर है। हादसा मंगलवार सवेरे नवांशहर के काठगढ़ मोड़ के पास हुआ।
मरने वालों में एक बस का कंडक्टर है, जो हरियाणा का था। पीजीआई ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। हादसे में दिल्ली निवासी अतुल चौहान की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बच्चे की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
हादसे में करीब 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में से चार को पीजीआई में दाखिल कराया गया है। बस नंबर पीबी 3एजे 4229 जम्मू से दिल्ली जा रही थी। रास्ते में जालंधर से चंडीगढ़ आते हुए हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और टैंकर दोनों के परखच्चे उड़ गए।