मोहाली पुलिस ने इंटरनेशल कराटे खिलाड़ी बलबीर सिंह बाला को हेरोइन समेत काबू किया है। आरोपी से 150 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में 75 लाख रुपये कीमत बताई जा रही है।
आरोपी गांव भोजड़ेवाला थाना झबाल जिला तरनतारन का रहने वाला है। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक रविवार को थाना फेज-1 पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति हेरोइन की सप्लाई करने आ रहा है। जिसके बाद पुलिस ने दोपहर फेज-4 स्थित चीमा अस्पताल के पास विशेष नाका लगा दिया।
साथ ही वहां से गुजरने वाले प्रत्येक वाहन की जांच शुरू कर दी। इस दौरान नाके की तरफ सफेद कुर्ता पजामा पहने पैदल आ रहा व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया। उसने रास्ता बदलने की कोशिश की। इसी बीच पुलिस ने उसे घेर लिया। फिर पुलिस ने उसे सवाल-जवाब किए। लेकिन वह पुलिस द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब नहीं दे पाया। जब उसकी जेब की तलाशी ली गई। तो पुलिस को 150 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जो कि उसने एक लिफाफे में पुडियां बनाकर रखी हुई थीं। थाना फेज-1 एसएचओ राजीव कुमार ने बताया कि आरोपी ने बताया कि वह इंटरनेशनल कराटे खिलाड़ी है। वह शादीशुदा है। साथ ही उसकी बेटी है।
हेरोइन की बनाई थी तीस पुड़ियां
बलबीर से जो 150 ग्राम हेरोइन पकड़ी गई है। उसने उसकी पांच-पांच ग्राम की 30 पुडियां बनाई हुई थीं। जो एक प्लास्टिक के लिफाफे में थी। जबकि दो पुड़ियां सैंपल के तौर नर उसने अलग से रखी हुई थी।
महीना पहले रखा था नशे की दुनिया में कदम
बलबीर ने बताया कि आर्थिक तंगी होने के चलते उसे मजबूरी में इस लाइन में आना पड़ा। उसने एक महीना पहले ही यह काम शुरू किया था। वह एक बार पहले भी मोहाली हेरोइन की सप्लाई कर चुका है। जबकि वह खुद नशे का आदी नहीं हैं।
भाई की है इंटरनेशनल कबड्डी अकेडमी
पुलिस जांच में बलबीर ने बताया कि उसके भाई की गांव में कबड्डी ट्रेनिंग अकेडमी खोल रखी है। जिसमें लड़कियों को इंटरनेशनल कबड्डी केलिए तैयार किया जाता है।
2112 में जीत चुका है गोल्ड मैडल
बलबीर ने बताया कि 2012 में जालंधर में हुई कराटे चैंपियनशिप 97 किलोग्राम भार वर्ग में उसने हिस्सा लिया था। जिसमें 18 देशों के टीमों ने भाग लिया था। जिसमें गोल्ड मैडल जीता था।
जबकि बटाला में 2013 में हुई नेशनल चैंपयनशिप में तीसरा स्थान हासिल किया था। साथ ही अमेरिका में होने वाले इंटरनेशनल चैंपियनशिप के लिए चुना गया था। लेकिन घुटने में चोट लगने के कारण वह वहां नहीं जा पाया था।