भैंस बांधने को लेकर झगड़ा हुआ तो छुट्टी पर आए फौजी ने उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना पंजाब के संगरूर की है। फौजी ने अपने पड़ोसी पर कस्सी से वार किया। पुलिस ने फौजी के तीन परिवार के सदस्यों खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद फौजी अपने परिवार सहित फरार है।
गांव चोटियां के सरपंच गुरमेल सिंह ने बताया कि फौजी कुलदीप सिंह कुछ समय पहले ही छुट्टी काटने के लिए गांव आया हुआ था। उसके परिवार का अपने पड़ोसी बशीर खान के साथ गली में भैंस बांधने को लेकर झगड़ा हुआ था। जिसका पंचायत ने समझौता भी करवा दिया था, लेकिन शुक्रवार को दोबारा इन दोनों में तकरार हो गई।
गुस्से में आग बबूला हुए फौजी कुलदीप सिंह कस्सी उठाकर बशीर खान पर हमला कर दिया। इस हमले में बशीर खान की पत्नी राज बेगम और उसका छोटा लड़का अकबर खान गंभीर घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल मूनक के अस्पताल में लेजाया गया, जहां बशीर खान और उसकी पत्नी की गंभीर हालत के मद्देनजर पटियाला के लिए रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर डाक्टरों ने बशीर खान को मृतक घोषित कर दिया।
बताया जाता है कि बशीर खान अपने घर में लकड़ी के खिलौना बनाने का काम करते था और मेलों में उन्हें बेचकर अपने परिवार का भरण पोषण करता था। लहरा थाना के प्रभारी गुरबभजन सिंह ने बताया कि मृतक बशीर खान के बड़े लड़के अनवर खान के बयानों के आधार पर फौजी कुलदीप सिंह, उसके पिता छोटा सिंह और पत्नी कुलदीप कौर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से फौजी अपने परिवार सहित घर को ताला लगाकर फरार हो गया।