पठानकोट शहर के रेलवे रोड पर एक कबाड़ी सेना की प्रतिबंधित बुलेट प्रूफ जैकेट बेचता था। पुलिस और सेना की खुफिया एजेंसी के संयुक्त ऑपरेशन में यह बात सामने आई है। इस खुलासे से सेना के प्रतिबंधित सामान की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस के अनुसार कबाड़ की दुकान चलाने वाले गौरव महाजन से सेना की प्रतिबंधित बुलेट प्रूफ जैकेट और अन्य सामान बरामद किया गया है। गौरव जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में रहने वाले एक अन्य कबाड़ी सिंह साहब से सेना के प्रतिबंधित बुलेट प्रूफ जैकेट और वर्दी समेत अन्य सामान मंगवाता था। पुलिस ने गौरव के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अपने ग्राहक से प्रति जैकेट 10 हजार रुपये वसूल करता था।
कौन खरीद रहा है जैकेट
जम्मू-कश्मीर में सेना की वर्दी से मिलती-जुलती पोशाक पहनना भी प्रतिबंधित है। ऐसे में कबाड़ी का सेना की जैकेट और वर्दी बेचना कई तरह के सवाल खड़े करता है। यह सामान खरीदने वाले कौन लोग हैं और वे किस मकसद से इसे खरीद रहे थे, पुलिस और सेना प्रशासन इन सवालों के जवाब ढूंढने में जुट गया है।
------------------------
उधमपुर के कबाड़ी पर नजर
आरोपी गौरव की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उधमपुर के कबाड़ी सिंह साहब की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि सिंह साहब के पकड़े जाने पर खरीद-फरोख्त की स्थिति और साफ हो सकेगी।
----------------------
कोट
कबाड़ की दुकान चलाने वाले गौरव महाजन के पास सेना की एनसॉस राइफल की खाली मैगजीन, बुलेट प्रूफ जैकेट और कैप बरामद की गई हैं।
मनोज कुमार, डीएसपी सिटी