इंडिका और बोलेरो की आमने-सामने की टक्कर में एक बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, वहीं सात लोग जख्मी हो गए। हादसा शुक्रवार को जगाधरी-अंबाला मार्ग स्थित गांव कालपी के बस स्टैंड के पास हुआ।
घायलों को एमएम मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। एक परिवार चंडीगढ़ के सेक्टर-47 का रहने वाला है जो मुजफ्फरनगर से चंडीगढ़ आ रहा था।
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ निवासी उज्ज्वल वर्मा अपनी पत्नी प्रियंका और डेढ़ वर्षीय बेटी मंशा वर्मा के साथ इंडिका कार में मुजफ्फरनगर से चंडीगढ़ लौट रहे थे।
जैसे ही वे दोसड़का से अंबाला की ओर कालपी बस स्टैंड के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एक बोलेरो गाड़ी से उनकी कार की भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहन विपरीत दिशा में जाकर पलट गए। हादसे में कार में सवार उज्ज्वल वर्मा और प्रियंका वर्मा घायल हो गए तथा बेटी मंशा की मौत हो गई, जबकि बोलेरो में सवार चालक दीपक की भी मौत हो गई तथा नईन, सलमान, असरू, सलमान अली व सदर इरसात घायल हो गए।
घायल नईन ने बताया कि वे कव्वाली कार्यक्रम करते हैं और गांव दुखेड़ी में कार्यक्रम कर अपने गांव चिलकाना लौट रहे थे। बच्ची मंशा वर्मा ने अस्पताल में कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जरूरी कार्रवाई की।